वरिष्ठ पत्रकार ब्रजनंदन का आकस्मिक निधन, सीएम ने जताया शोक
पटना। बिहार के वरिष्ठ पत्रकार ब्रजनंदन (Brjandanan) का हृदय गति रूक जाने से निधन हो गया। वह लगभग 70 साल के थे। ब्रजनंदन स्थानीय अखबार आज हिन्दी दैनिक में विशेष संवाददाता के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में देश की सबसे बड़ी संवाद समिति हिन्दुस्थान समाचार के निर्देशक मंडल के सदस्य थे।
उनके परिवार में उनके पत्नी के अलावा एक पुत्री और दो पुत्र है। दरभंगा के निमैठी के रहने वाले ब्रजनंदन ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत हिन्दुस्थान समाचार से की और बाद में आर्यावर्त में भी उन्होंने काम किया था। उनका पार्थिव शरीर राजधानी पटना के कंकडबाग मुहल्ले में रामसुंदर पार्क के समीप उनके आवास पर है।
ब्रजनंदन के पुत्र ने यहां बताया कि वह पिछले दो दिनों से बीमार थे और शनिवार दोपहर तबियत अधिक बिगड जाने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। उनका अंतिम संस्कार रविवार को पटना में ही किया जायेगा।
