गृहमंत्री व उप मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गजों ने किया मतदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव में दूसरे चरण के राजधानी लखनऊ में देश के गृहमंत्री (Home Minister) राजनाथ सिंह, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने परिवार के साथ मतदान किया। इन लोगों ने वोटरों ने मतदान करने की अपील की।

रविवार सूबह राजनाथ सिंह अपनी पत्नी सावित्री सिंह के साथ म्यूनिसपल नर्सरी स्कूल में मतदान करने पहुंचे थे। उनके बाद उनके पुत्र विधायक पंकज सिंह ने भी मतदान किया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने ऐशबाग वार्ड के जल संस्थान ऐशबाग में वोट डाला। डॉ. दिनेश शर्मा के साथ उनकी पत्नी ने भी मतदान किया।

इनके साथ ही कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ’गोपाल’ ने चौक बाजार वार्ड के नगर पालिका स्कूल सोंधी टोला में मतदान किया तो कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने विवेकानंद पुरी के माउंट फोर्ट स्कूल महानगर में मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी नम्रता पाठक भी थीं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने भी अपनी पत्नी के साथ गोमतीनगर में मतदान किया। वह सुबह 7ः30 बजे ही मतदान केंद्र में पहुंच गए थे। उन्होंने सबसे पहले वोट डाला और लोगों से मतदान की अपील की। एसके अग्रवाल ने हर मतदाता से अधिकाधिक मतदान अपील की।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार महेंद्र सिंह ने गुरुनानक वार्ड के इंडियन पब्लिक स्कूल आलमबाग तो स्वाति सिंह ने विद्यावती वार्ड के सेंट्रल अकादमी आशियाना में वोट डाला। यहां पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान काफी देर तक बाधित रहा। तब तक स्वाति सिंह लाइन में खड़ी रहीं।
राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने मां के साथ हुसैनाबाद वार्ड के पिक्चर गैलरी में मतदान किया। विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने शीतलादेवी वार्ड के योगानंद पब्लिक स्कूल में मतदान किया तो विधायक नीरज बोरा ने आयोध्या दास वार्ड-2 के टाईगर्स एजुकेशन अकादमी त्रिवेणी नगर में अपना मत डाला।
इनके साथ ही कांग्रेस से महापौर की उम्मीदवार प्रेमा अवस्थी ने भी अपना वोट डाला।
