Tevar Times
Online Hindi News Portal

अटल ने सही मायनों में रखी आज़ाद भारत के विकास की नींव : मुख्यमंत्री

0

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) के साथ सार्वजनिक जीवन में सहभागी होने और संसद में कार्य करने का सौभाग्य मिला है।

अटल जी ने आजाद भारत की सही मायनों में विकास की नींव रखी और उन्होंने एक कुशल शिल्पकार के रूप में कार्य किया। उनका मानना था कि देश के विकास का केन्द्र बिन्दु ग्रामीण भारत ही हो सकता है। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को मूर्तरूप दिया, जिसके कारण देश की ग्रामीण आबादी को पक्के मार्गों से जोड़ा गया है।

इसके अलावा, उनके द्वारा लागू की गई स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने भी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘अटल गीत गंगा’ समारोह को सम्बोधित रहे थे।

योगी ने कहा कि अटल जी ने अस्थिरता को स्थायित्व देते हुए देश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का कार्य किया। उन्होंने राजनीति में भी स्थिरता प्रदान करते हुए कुशलता के साथ गठबन्धन की सरकार चलायी। मोबाइल, ऑप्टिकल फाइबर और गैस कनेक्शन को गांवों तक पहुंचाने का भी श्रेय अटल जी को जाता है। उन्होंने देश में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए बहुआयामी कार्य किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में परमाणु शक्ति का परीक्षण कर अटल जी ने देश को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाया। इसके चलते भारत दुनिया की नजरों में एक स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में उभरा।

कारगिल युद्ध के दौरान धैर्यपूर्वक ठोस कार्यवाही करते हुए अटल जी ने भारतीय क्षेत्र को मुक्त कराया। उनका पक्ष व विपक्ष सभी दलों के लोग सम्मान करते हैं। उन्होंने देश को विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया। वर्तमान में भी अटल जी के प्रति पूरे जनमानस में श्रद्धा व सम्मान का भाव बरकरार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More