Tevar Times
Online Hindi News Portal

मानवता के हिसाब से ठीक नहीं गोरखपुर महोत्सव : राजबब्बर

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर (Rajbabar) ने गुरूवार को यहां कहा कि जिस तरह भाजपा सरकार गोरखपुर में महोत्सव का आयोजन कर रही है वह मानवता के हिसाब से ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि महोत्सव होना गलत नहीं है लेकिन सवाल सामाजिक संवेदना का है। उन्होंने कहा कि यदि पड़ोस में कुछ अनहोनी हो जाये तो शोर शराबा करना अच्छा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में आज भी बच्चों की अस्पतालों में मौत हो रही है। वहां अस्पताल के रिकार्ड रूम में आग लग गई। यह कोई सामान्य घटना नहीं है। बब्बर ने कहा कि भाजपा सरकार की नियत साफ नहीं है। यही कारण है कि यह लोग रंग पोतने और महोत्सव मनाने जैसे आडम्बर रच रहे हैं।

लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब राज बब्बर (Rajbabar) ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस के आगे के गठबंधन पर फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ही करेंगे।

उन्होंने कहा कि अखिलेश सपा के और राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष को ही फैसला लेना है। इस संबंध में पूछे गये सवाल पर बब्बर ने कहाकि उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व की तरफ सेऐसा कोई संकेत नहीं दिया गया है।

उन्होंने कहा कि दोस्ताना लम्बे समय तक चलेगा और दोस्ताना में लेन-देन नहीं होता। फूलपुर व गोरखपुर लोकसभा सीटों के उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि मिलकर लड़ेंगे या अलग यह तो पार्टी का नेतृत्व ही तय करेगा। प्रदेश केवल राय दे सकता है।

बब्बर ने कहा कि ईवीएम पर कांग्रेस ने चिट्ठी जारी की थी कि जो सारे विपक्षी दलों का फैसला, वही हमारा है। इस पहल के लिए उन्होंने बधाई भी दी थी।

भगवाकरण पर बब्बर ने कहा कि आस्था पोतने से नहीं आती। इस तरह से यह लोग अपने लिए सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कर रंग को आस्था से अलग कर रहे।

सन 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सम्बंध में राजबब्बर ने कहा कि हम तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो गलतियां पीछे हो गयी ऐसा न हो इसका प्रयास होगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि सोनिया गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ें।

आलू किसानों की समस्याओं के संबंध में पूछे गये एक सवाल पर बब्बर ने कहा कि मुख्यमंत्री कर्नाटक में किसान से मिल रहे हैं। लेकिन यहां के किसानों की समस्याओं से उनका कोई लेना देना नहीं लगता।

एक दूसरे सवाल के जवाब में राजबब्बर ने कहा कि जनआंदोलन के लिए प्लान नहीं होता। उन्होंने कहा कि जनआन्दोलन ही कांग्रेस की बुनियाद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More