Tevar Times
Online Hindi News Portal

भाजपा का समाज को बांटने का षड़यंत्र नहीं हो पायेगा सफल : अखिलेश

0

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कासगंज में सांप्रदायिक हिंसा की घटना को उत्तर प्रदेश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए कहा है कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाओं के लिये कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

उन्होंने जनता से आपसी सद्भाव एवं भाईचारा बनाये रखने की अपील की है। अखिलेश ने कहा है कि गंगा-जमुनी तहजीब को आगे बढ़ाने की जगह भाजपा समाज को बंटवारे की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का समाज को बांटने का षड़यंत्र सफल नहीं हो पायेगा।

इस संबंध में अखिलेश ने आईपीएन को दिए अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। भाजपा का नफरत फैलाने का इतिहास रहा है। देश के जिन भी राज्यों में भाजपा सता में रही है वहां इनका सामाजिक विभाजन करने का उद्देश्य रहता है। उत्तर प्रदेश में पिछले दस महीने में जिस तरह भाजपा की नीतियों से सामाजिक बंटवारा बढ़ रहा है वह सामाजिक व्यवस्था के लिये खतरा है।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने में हिन्दू-मुसलमान दोनों का बराबर योगदान रहा है। सामाजिक वैमनस्यता, घृणा, द्वेष आधारित राजनीति भारतीय संविधान विरोधी है। जनमत के द्वारा चुनी गयी सरकार की यह जिम्मेदारी होती है कि सामाजिक समरसता बनी रहे।

लेकिन भाजपा सरकार ऐसी व्यवस्था बनाने में असफल हो गयी है। गंगा-जमुनी तहजीब को आगे बढ़ाने की जगह भाजपा समाज को बंटवारे की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का समाज को बांटने का षड़यंत्र सफल नहीं हो पायेगा। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में अमन चैन कायम रखने के लिये हमेशा जनता के साथ खड़ी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More