उ.प्र. को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए गम्भीर है राज्य सरकार: CM Yogi
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के त्वरित विकास के लिए निर्णय लेते हुए तेजी से कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने जन कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों को लागू किया है, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। पिछले 11 महीनों के दौरान वर्तमान सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री शास्त्री भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में विभागीय लक्ष्यों व प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जो अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव गण विभिन्न जनपदों के प्रभारी हैं, वे अपने-अपने जनपदों का विस्तृत दौरा करें।
साथ ही, वे सम्पूर्ण समाधान दिवस/थाना समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर पहुंच कर उनमें भाग लेते हुए जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा, वे जनता से सीधा संवाद भी स्थापित करें। उनकी समस्याओं को सुनकर, उनका समाधान करवाएं।
उन्होंने 108 एवं 102 एम्बुलेन्स सेवाओं की गुणवत्ता परखने के साथ-साथ उनकी लोकेशन जांचने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वरिष्ठ अधिकारियों को तहसील और ब्लॉक मुख्यालय का भी दौरा करना चाहिए। जनपदों के प्रभारी अधिकारीगण किसी क्षेत्र विशेष में कराए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन और भौतिक सत्यापन भी स्वयं करना सुनिश्चित करें।