Tevar Times
Online Hindi News Portal

06 वर्ष में कश्मीर में हुए 1,563 आतंकी हमले, 758 आतंकी ढेर

0

132 नागरिक व 338 सुरक्षा कर्मियों की हुई मौत

लखनऊ। धरती की जन्नत कहे जाने वाला देश का अहम हिस्सा जम्मू कश्मीर बीते 6 सालों में 1563 आतंकवादी हमले झेल चुका है। इन हमलों में जहां 338 सुरक्षा कर्मियों समेत 470 भारतीयों की जान जा चुकी है। वहीं 758 आतंकियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। यह आंकड़े जनसूचना का अधिकार के तहत मांग गई जानकारी में केंद्रीय गृह मंत्रायल की ओर से दिए गए है।
दरअसल आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ नूतन ठाकुर ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से आरटीआई के तहत कशमीर में बीते 06 वर्षो में हुई आतंकवादी घटनाओं के सम्बन्ध में जानकारी चाही थी। इस सम्बन्ध में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से दी गयी सूचना के अनुसार जनवरी 2012 से फ़रवरी 2018 के मध्य 06 वर्ष 02 माह में जम्मू कश्मीर में कुल 1563 आतंकी हमले की घटनाएँ घटीं।
इन आतंकी घटनाओं में जहां 132 नागरिकों की जान गयी, वहीं 338 सुरक्षा कर्मियों की मृत्यु हो गयी। इसके विपरीत इस अवधि में कुल 758 आतंकियों को भी मौत के घाट उतारा गया। आरटीआई में दी गई सूचना के अनुसार इस अवधि में 1694 घुसपैठ के भी प्रयास हुए।
सूचना के अनुसार इसमें सर्वाधिक 342 आतंकी घटनाएं वर्ष 2017 में हुईं, जबकि वर्ष 2016 में 322 तथा वर्ष 2014 में 222 आतंकी घटनाएँ हुईं। सर्वाधिक 40 नागरिकों की मृत्यु 2017 में हुई, जबकि 2014 में 28  तथा 2015 में 17 नागरिकों की मृत्यु हुई।
सर्वाधिक 82 सुरक्षा कर्मियों की मृत्यु वर्ष 2016 में हुई, जबकि वर्ष 2017 में 80 तथा 2013 में 53 सुरक्षा कर्मियों की मृत्यु हुई। इसके विपरीत सर्वाधिक 213 आतंकी भी वर्ष 2017 में मारे गए, जबकि 2016 में 150 तथा 2014 में 110 आतंकी मारे गए।
सर्वाधिक 406 घुसपैठ के प्रयास वर्ष 2017 में हुए जबकि 2016 में 371 घुसपैठ के प्रयास हुए। सूचना में गृह मंत्रालय ने यह भी कहा है कि देश के अन्दर होने वाली आतंकी घटनाओं का देश की सीमा पर होने वाले घुसपैठ से सीधा सम्बन्ध होता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More