Tevar Times
Online Hindi News Portal

किसानों के पास आत्महत्या करने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं: सपा

0
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि यों तो भाजपा के झूठे वादों से समाज के सभी वर्ग अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं किन्तु किसानों के प्रति तो भाजपा का रवैया बहुत ही दुर्भावनापूर्ण है। उन्हें बुरी तरह छला गया है। भाजपा ने उनको पूरी तरह से बदहाल कर दिया है। ऐसे में उसके पास आत्महत्या करने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं बचता है।
पटेल ने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावों के वक्त किसानों की कर्जमाफी का वादा किया गया था। किसान की कर्जमाफी के नाम पर उसके साथ छलावा हुआ और अब बैंक उल्टे उससे जबरन वसूली करने लगे हैं। बैंकों से मिलकर राज्य सरकार ने ऐसा घालमेल किया है कि कर्जमाफी के नाम पर किसी किसान को 01 रूपए मिला तो किसी को 07 रूपये का चेक मिला। किसान की कहीं सुनवाई नहीं हुई।
पटेल ने कहा कि गन्ना किसान, आलू किसान और गेंहू किसान सभी भाजपा सरकार की नीतियों के शिकार बनकर कराह रहे हैं। गन्ना खेतों में खड़ा है। चीनी मिलें पर्चियां नहीं दे रही है। किसानों का पुराना भुगतान नहीं हो रहा है। रू0 9429.19 करोड़ से ज्यादा मिलों पर किसानों का बकाया है।
किसान के सामने मजबूरी में अपनी गन्ने की फसल खेत में जला देने के अलावा दूसरा चारा नहीं। सरकार ने आलू किसानों को भी 549 रूपये कुंतल खरीद का आश्वासन दिया था। पर वह भी उसका हवाई वादा ही साबित हुआ।  पटेल ने कहा कि गेंहू किसान की परेशानी की तो इंतिहा नहीं। सरकार के क्रय केन्द्र बहुत जगह बंद हैं। गेंहू की सरकारी कीमत 1735 रूपए देने में क्रय केन्द्र ही आनाकानी करते हैं।
क्रय केंद्र के अधिकारियों के मनमाने रवैये के कारण किसान बिचैलियों को अपनी फसल सस्ते दाम पर बेच रहा है। पटेल ने कहा कि भाजपा गांव में चौपाल लगाकर किसानों की हितैषी बनने का स्वांग कर रही है। लेकिन प्रदेश का किसान इस किसान विरोधी भाजपा सरकार को अब और ज्यादा बर्दाश्त करने वाला नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More