सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कैराना लोकसभा उपचुनाव में शंखनाद किया। गंगोह व नकुड़ में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में भाजपा की विजय की अपील करते हुए डा. पाण्डेय ने जनता से पूछा कि बताइए अपराध और आंतक कम हुआ? जनता ने एक स्वर में हां कह कर जवाब दिया। डा. पाण्डेय ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास में स्व. हुकुम सिंह बडा योगदान रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष डा. पाण्डेय ने बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रभारी आर.के. वर्मन को उनके समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल किया। इसके साथ ही सरसावा नगर पालिका के 6 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और अब नगर पालिका सरसवां में भाजपा बोर्ड पूरा हो गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की उपलब्धियों से विपक्ष बौखला गया है और तरह-तरह की अफवाहें फैला रहा है। हमारी सरकार ने समाज को गुंडाराज से बचाया, जिससे व्यापारी वर्ग को राहत की सांस मिली है और आम आदमी अब देर रात तक निडर होकर अपने घर आ-जा सकते है।
