कांग्रेस पार्टी में आने वाले सभी लोगों को मिलेगा पूरा सम्मान और हक: राजबब्बर
बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर कांग्रेस में शामिल
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के जोनल कोआर्डिनेटर जयकरन वर्मा शनिवार को बसपा छोड़कर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग प्रभारी मदन मोहन शुक्ला ने सदस्यता ग्रहण करने वालों को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलायी।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जीशान हैदर ने बताया कि सदस्यता ग्रहण के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने जयकरन वर्मा एवं उनके सभी समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए बधाई दी और कहा कि आज जयकरन वर्मा कार्यकर्ता के रूप में आये हैं और नेता बनकर जायेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल जी के आवाहन पर जिस तरह आज कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है आने वाले दिनों में इस तिरंगे झंण्डे की अगुवाई करते दिखेंगे। कांग्रेस पार्टी की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। कांग्रेस पार्टी में आने वाले सभी लोगों को पूरा सम्मान और हक मिलेगा।
प्रवक्ता ने बताया कि जयकरन वर्मा के साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य दिलीप रावत एवं कैलाश नाथ वर्मा, बीडीसी सदस्य पंकज वर्मा, प्रधान पप्पू यादव, जिलाजीत वर्मा, पूर्व प्रधान देशराज शर्मा आदि प्रमुख लेग शामिल रहे।
कांग्रेस मनायेगी नेहरू की पुण्यतिथि
पूर्व प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि 27 मई को पूर्वान्ह उ.प्र. कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में मनायी जायेगी। इस मौके पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है। यह जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जीशान हैदर ने बताया कि इस अवसर पर कांग्रेस वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहेंगे।