Tevar Times
Online Hindi News Portal

2019 में विपक्ष की खिलाफत का मंत्र बांट रहे भाजपा अध्यक्ष: अखिलेश

0
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम न मानकर उसे प्रबंधन कला में बदल दिया है। उनके लिए सामाजिक जीवन में शुचिता का कोई अर्थ नहीं।

अखिलेश ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव येनकेन प्रकारेण जीतने के हिमायती हैं। भाजपा अध्यक्ष इन दिनों उत्तर प्रदेश में दौरे पर दौरे कर रहे हैं और सन् 2019 में विपक्ष की खिलाफत का मंत्र बांट रहे हैं। उन्हें न तो भाजपा कार्यकर्ताओं पर और नहीं प्रदेश के मतदाताओं पर विश्वास है बल्कि वे कारपोरेट घरानों की प्रबंधन प्रणाली के जरिए चुनाव जीतने की व्यवस्था कर रहे है।
अखिलेश ने कहा कि यह सभी जानते हैं कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा साम, दाम, दण्ड, भेद सभी उपाय अपनाने में संकोच नहीं करती है। ईवीएम मशीनों में जब तब गड़बड़ी होने की खबरें हर चुनाव में खूब छपती हैं। इन मशीनों की विश्वसनीयता पर कई सवाल उठे हें।
भाजपा का दूसरा अस्त्र चुनाव में ध्रुवीकरण को बढ़ावा देना होता है। सांप्रदायिकता का जहर घोलकर अपने वोट बैंक को साधने की कला में भाजपाई दक्ष हैं। सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने और विद्वेष भावना को पनपाने में भी भाजपाई आगे रहते हैं।
अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिसे उसकी उपलिब्ध गिनाया जा सके। यहां किसान और नौजवान, सभी परेशान हैं। महिलाओं और यहां तक कि बच्चियों से भी दुष्कर्म की घटनाओं में बाढ़ आई है। शासन तक अपनी मांग पहुंचाने वालों को पुलिस के डण्डे खाने पड़ रहे है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब नए अवतार में हेड़ मास्टर बनकर अपने कार्यकर्ताओं को होमवर्क बांटते घूम रहे हैं। वे जिन उपलब्धियों के प्रचार प्रसार की बात करते हैं उनके कार्यकर्ता भी उसे नहीं समझ पा रहे हैं। भाजपा चुनावों के अपने संकल्पों और घोषणा पत्र के प्रति ईमानदार नहीं हैं।
भाजपा तो लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में ही विश्वास नहीं करती है तभी तो चुनावों को किसी भी तरह जीतने का मैनेजमेन्ट करती है। भाजपा नेता सिर्फ भटकाव की बातें करना जानते हैं लेकिन जनता भाजपा की सच्चाई जान गई है। और वह भाजपा को जवाब देने की तैयारी में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More