Tevar Times
Online Hindi News Portal

विद्या ही मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण: डा. शर्मा

0
लखनऊ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि दूसरो की सेवा एवं सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। दूसरों की सेवा करने से असीम सुख प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि माँ-बाप इस धरती पर भगवान का स्वरूप हैं।

हमें गुरु एवं माता पिता का सम्मान सदैव करते रहना चाहिए, उनके आशीर्वाद एवं खुद की मेहनत से जीवन में सफलता के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचा जा सकता है। विद्या ही मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। हमें पूरी लगन एवं मेहनत से इसे प्राप्त करना चाहिए तथा जीवन पर्यन्त जिज्ञासु बने रहना चाहिए।
डॉ. शर्मा आज राजेश्वरी देवी चौरिटबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित उत्तर प्रदेश रेडियो विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उप्र हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा 2018 के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति कहती है कि जो जन्मा है, वो कमायेगा, जो कमायेगा, वो खिलायेगा, जबकि पाश्चात्य संस्कृति का कहना है कि जो जन्मा है, वो कमायेगा, जो कमायेगा, वो खायेगा। इसका अर्थ है कि हमारी संस्कृति में सेवाभाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है।
उप मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश रेडियो विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उ.प्र. हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा-2018 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 15 मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो पुरस्कार आज उन्हें दिया गया है वह छोटा नहीं है, बल्कि यह पुरस्कार उन्हें जीवन में प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More