Tevar Times
Online Hindi News Portal

पांच अगस्त को चंदौली होंगे शाह और योगी, करेंगे पीडीडीयू का लोकार्पण

0
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (पीडीडीयू) (मुगलसराय) के बोर्ड का लोकार्पण पांच अगस्त को होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय भी शामिल होंगे।

इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय संग्रहालय पार्क व ट्रामा सेंटर के शिलान्यास के साथ अन्य घोषणाएं किए जाने की भी उम्मीद है। जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।  इस सम्बन्ध में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा ने बताया कि पांच अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष, सीएम और रेल मंत्री का कार्यक्रम तय है। स्वास्थ्य मंत्री के भी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ट्रामा सेंटर का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद से रेलवे के साथ ही जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शनिवार को कार्यक्रम स्थल व अन्य रूपरेखा तय करने के लिए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नीलकंठ तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, महामंत्री रत्नाकर, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद तिवारी आदि ने दामोदारदास पोखरा, इंडियन इंस्टीच्यूट, रेलवे इंटर कालेज मैदान व यूरोपियन कालोनी ग्राउंड का अवलोकन किया।
सभा स्थल के लिए यूरोपियन कालोनी ग्राउंड को ही निश्चित किया गया। इसके अलावा रेलवे इंटर कालेज मैदान में हैलीपैड बनाना तय हुआ। आज ही जिलाधिकारी नवनीत सिह चहल, पुलिस अधीक्षक संतोष सिह और आरपीएफ कमांडेंट आशीष मिश्रा ने भी इंडियन इंस्टीच्यूट मैदान का निरीक्षण किया।
प्रवक्ता प्रमोद तिवारी ने बताया बरसात के मौसम को देखते हुए जर्मन टेंट की व्यवस्था कराई जा रही है, जो पूरी तरह से वाटरप्रूफ होगा। इसके अलावा यूरोपियन कालोनी के फायर ब्रिगेड के सामने के रास्ते को भी खोला जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More