Tevar Times
Online Hindi News Portal

देवरिया कांड : विपक्षी दलों ने किया विरोध प्रदर्शन

0
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आश्रय गृह से गायब हुईं लड़कियों के खिलाफ विपक्षी दलों ने यहां मंगलवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को जिला प्रशासन जिले में प्रवेश करने से पहले ही हिरासत में ले लिया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी को पुलिस ने बलिया और देवरिया की सीमा भागलपुर में रोक दिया। इसके बाद, वह भागलपुर बैरियर पर धरने पर बैठ गए। थानाध्यक्ष ने चौधरी की पुलिस अधीक्षक से बात कराई। एसपी ने एक वाहन से जाने की अनुमति दी। इसके बाद वह वाहन से देवरिया के लिए रवाना हो गए।
सपा सहित विभिन्न संगठनों ने मंगलवार को धरना-प्रदर्शन की घोषणा की थी। जिसके बाद ही जिला प्रशासन अलर्ट था। सपा के स्थानीय नेताओं ने सुबह 11 बजे से प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पहले पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह एवं पूर्व सांसद बालेश्वर यादव को देवरिया और कुशीनगर जिले के हाटा मार्ग पर जिले की सीमा वकीलगंज चौराहे पर रोक दिया गया।
यहीं पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। पुतला फूंकने के बाद कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन, कचहरी रोड तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सपा कार्यकर्ताओं ने देवरिया में पोस्टमार्टम चौराहे से जलकल रोड, कोतवाली रोड, सिविल लाइन होते हुए कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट में हुई सभा में पूर्व एमएलसी जे.पी.जायसवाल, पूर्व मंत्री शाकिर अली सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे, जबकि कांग्रेसी भी सुभाष चौक पर धरना देने की तैयारी कर रहे थे। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More