Tevar Times
Online Hindi News Portal

‘2019 में एक बार फिर मोदी सरकार’ के नारे को करना है साकार: पांडेय

0
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने आज यहां कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव पार्टी  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लड़ेगी और उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी। वह शनिवार को सुभारती विश्वविद्यालय के मातादीन बाल्मीकि परिसर आयोजित पार्टी की दो दिनी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने बैठक में कहा कि अत्याचार और अनाचार को दूर हटाकर स्वस्थ्य समाज बनाना हमारी अभिलाषा है। हमारी सरकार इस दिशा में प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि हमारी यही कार्यशीलता 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को सबसे आगे लेकर जाएगी। हमें भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में एकजुट होकर चलना है।
पांडे ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी में 74 संसदीय सीटों को जीतने का लक्ष्य दिया है। लेकिन हमें इस लक्ष्य को भी पार करना है। क्योंकि हम में अपार ऊर्जा है बस उसका हमें सही इस्तेमाल करना है। उन्होंने ‘यह इतिहास अमिट व अदभुत होगा। हमें यह कर के दिखाना और ’2019 में एक बार, फिर मोदी सरकार’’ के नारे को साकार कर हकीकत में बदलना है।
बैठक में उन्होंने विपक्षी दलों पर वार किया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और कहा कि पिछले डेढ़ साल में योगी सरकार ने बेदाग सफर तय किया है। अपराधियों पर कठोर कार्यवाही कर योगी सरकार ने प्रदेश को भयमुक्त वातावरण का निर्माण किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, राजधर्म की मर्यादा के साथ सुशासन लाकर सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आहवान किया।
वही बैठक से पहले डा. पांडेय  ने कहा कि राम मंदिर कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह देश के करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का विषय है। 2019 का लोकसभा चुनाव में भी पार्टी विकास एवं सुशासन के मुद्दे पर चुनावी मैदान में उतरेगी। पश्चिमी उप्र में जातीय संघर्ष बढऩे पर कहा कि प्रदेश सरकार ने मेरठ की घटना पर तत्काल नियंत्रण किया है।
एससी-एसटी एक्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सुझाव में संशोधन पर कहा कि इसमें सभी दलों की सहमति ली गई। किसी के साथ ज्यादती न हो, इसके लिए कानून में पर्याप्त प्रावधान रखा गया है।महंगाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि संप्रग की तुलना में एनडीए सरकार का रिकार्ड बेहतर है। पेट्रो पदार्थों की महंगाई पर कहा कि मनमोहन सरकार में ज्यादा उछाल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More