Tevar Times
Online Hindi News Portal

19 हजार होमगार्ड जवानों की जल्द की जाएगी भर्ती: राजभर

0

ओमप्रकाश से गठबंधन टूटा तो भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा : मंत्री

अम्बेडकर नगर। प्रदेश में होमगार्डो की स्थिति में पहले से कई गुना सुधार हुआ है। सरकार विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में होमगार्ड जवानों की बढ़ती मांग को देखते हुए अगले माह 19 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती करने जा रही है। पीआरडी जवानों की हालत पर भी प्रदेश सरकार गम्भीर है और अगले छः माह में उनके लिए भी बहुत कुछ किया जाने वाला है।
यह बातें प्रदेश के होमगार्ड मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही। लखनऊ के विवेक हत्याकाण्ड पर सिपाहियों द्वारा विरोध के स्वर बुलन्द किये जाने व आरोपी सिपाही की पत्नी के खाते में पैसा भेजे जाने के मामले को अनुशासन हीनता मानते हुए उन्होंने कहा कि सभी सिपाही चिन्हित किये जा रहे है और उनके विरुद्ध कार्यवाही अवश्य की जायेगी। मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे लोगो से सख्ती से निपटेगी।
सरकार के ही एक मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा आये दिन सरकार विरोधी बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सभी सहयोगी दलों से लम्बे साथ की अपेक्षा रखती है। इस प्रकार की बयानबाजी करने वालो को पहले तो अपना एजेंडा स्पष्ट करना चाहिए। साथ ही कुछ बोलने से पहले उस पर विचार कर लेना चाहिए। इस सवाल पर कि यदि ओमप्रकाश राजभर से गठबंधन टूटा तो भाजपा पर क्या प्रभाव पड़ेगा, अनिल राजभर ने कहा कि कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
मंत्री राजभर ने कहा कि होमगार्ड जवानों के लिए प्रदेश सरकार ने वह कर दिखाया है जो आज तक, किसी सरकार ने किया। एक साथ चार हजार रूपये मानदेय बढाया गया जिससे उनकी आर्थिक हालात में सुधार हुआ है। होमगार्डो की ड्यूटी लगाने में अनियमितता की समस्या अब खत्म हो गयी है और अब सभी की ड्यूटी साफ्टवेयर से लखनऊ से ही लगायी जा रही है। अब कोई भी होमगार्ड का जवान खाली नही है।
होमगार्ड जवानों की मांग रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डा व् सरकारी तथा निजी संस्थानो में हो रही है। रेलवे इनका उपयोग रेल लाइन पर पेट्रोलिंग व् मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर सुरक्षा के लिए करेगी। अभी कुछ बड़े रेलवे स्टेशन पर होमगार्ड जवान दिए गए है। उन्होंने बताया कि कुम्भ मेले में भी 12 हजार होमगार्ड जवान मांगे गये हैं जिसके लिए 19 हजार जवानों की भर्ती की जायेगी।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों को अब इंसास राइफल से लैस किया जाएगा। इसके लिए जवानों को प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इंसास राइफलों की खरीद भी शुरू हो गयी है। उनका लक्ष्य है कि पहले चरण में प्रत्येक जिले को कम से कम 50 इससे रायफल प्रदान की जांय जिसका उपयोग होमगार्ड ले जवान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भारत नेपाल सीमा पर सीमा सुरक्षा विंग बनाए जाने की तैयारी में है। यदि केंद्र सरकार से अनुमति मिली तो 15 हजार जवानों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। इसके लिए अलग से भर्ती की जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More