Tevar Times
Online Hindi News Portal

भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर पूरे देश को कर दिया है बर्बाद: अखिलेश

0
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश और लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी नौजवानों की है। भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर पूरे देश को बर्बाद कर दिया है। उसने जनता से झूठे वादे कर उसे धोखा देने का काम किया हैं। उन्होंने कहा कि अब लोकसभा चुनावों के लिए मतदान का कम समय रह गया है। यह चुनाव महत्वपूर्ण है। इसमें समाजवादी युवजनों की जिम्मेदारी है कि वे इस बार भाजपा को हटा कर ही दम लें, इसी में देश का हित है।
अखिलेश सोमवार को समाजवादी युवजन सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का एजेंडा देश में नफरत फैलाकर समाज को विभाजित करना है। भाजपा राष्ट्र को गुमराह कर रही है। भाजपा को रोकने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी की है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन ही उसका एकमात्र विकल्प है। देश को नया प्रधानमंत्री चाहिए। नई पीढ़ी ही यह बदलाव ला सकती है। समाजवादी युवजन इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम देंगे।
‘‘समाजवादी बूथ रक्षक‘‘ भाजपा के कुप्रचार का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने लैपटॉप से गांव-गरीब का परिचय कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे ने ताजगंज और हजरतगंज की दूरी कम कर दी है। शिक्षा-चिकित्सा के क्षेत्र में भाजपा ने कुछ नहीं किया। उसने देश को पांच वर्ष में ही 50 वर्ष पीछे ढ़केल दिया है। चीन भारत के बाद आजाद हुआ लेकिन भारत चीन के मुकाबले वैश्विक परिदृष्य में कहां पहुंच गया?
समाजवादी युवजन सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिया गया नारा ‘एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बंटने पाए‘ को क्रियान्वित करने में पूरी ताकत लगाने, मतदान के दिन बूथ पर ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने तथा समाजवादी सरकार के कामों को घर-घर तक पहुंचाने और भाजपा के झूठे वादों का पर्दाफाश करने का निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, नेता प्रतिपक्ष विधानपरिषद अहमद हसन, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा पूर्व मंत्री बलराम यादव की उपस्थिति उल्लेखनीय है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More