Tevar Times
Online Hindi News Portal

सपा-बसपा अपनी जमीन तो कांग्रेस अपनी हैसियत बचाने के लिए चुनाव मैदान में: भाजपा

0
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आज यहां कहा कि लोकसभा चुनाव के तीन चरण हो चुके हैं, हर चरण के बाद उत्तरोत्तर भाजपा और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता का जनमानस प्रबल होता हुआ दिखाई पड़ रहा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटे 300 के पार पहुंचेंगी, यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश में तीन चरणों के चुनाव के बाद तीनों दलों के हौसले पस्त होते हुए दिख रहे हैं।
त्रिवेदी ने बुद्धवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि पहले चरण के बाद विपक्ष के अनर्गल और व्यक्तिगत बयान सामने आने लगे थे। दूसरा चरण समाप्त होने के बाद ईवीएम का विषय जिस तरह से विपक्ष ने उठाने की कोशिश की और तीसरे चरण के बाद विपक्ष द्वारा ईवीएम का मुद्दा शीर्ष स्तर से उठाया जाने लगा, यह उनकी अवश्यंभावी पराजय की स्वीकारोक्ति है।
विपक्ष द्वारा पराजय के लिए अभी से ईवीएम का बहाना खोजने का आधार सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार, दिल्ली, गोरखपुर, फूलपुर, कैराना, पंजाब, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि में चुनाव हारी तब विपक्ष की नजर में ईवीएम ठीक थी, अब अचानक विपक्ष को ईवीएम में गड़बड़ी नजर आने लगी। इसका मतलब सबकुछ ठीक है, विपक्ष को अपनी पराजय नजर आने लगी है इसलिए विपक्ष इस तरह के बहाने गढ़ रहा है।

त्रिवेदी ने कहा कि सपा-बसपा अपनी जमीन बचाने के लिए चुनाव मैदान में है तथा कांग्रेस अपनी हैसियत बचाने के लिए चुनाव मैदान में है। कहा कि चार महीने पहले कांग्रेस ने तीन राज्य जीते थे और कांग्रेस ने बड़े गर्व से कहा था कि बड़ा परिवर्तन नजर आ रहा हैं लेकिन कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में वह हालत हो गई कि गठबंधन उन्हें उत्तर प्रदेश में तीन सीटे देने को राजी नहीं हुआ। सरकार बनाने के लिए सिर्फ भारतीय जनता पार्टी चुनाव मैदान में है।
त्रिवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में विकास के शानदार कार्य तथा कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार किया। किसानों, श्रमिकों एवं निर्धन वर्गो के कल्याण की योजनाओं को बनाकर उन्हें क्रियान्वित किया। जिससे गरीबों, किसानों, दलितो और मजदूरों की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई और उनका सामाजिक स्तर भी ऊंचा उठा।
कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत के स्वरूप को बदलने का जो अभियान चल रहा है उसको उ0प्र0 में योगी सरकार के द्वारा बल मिला है। कहा कि उ0प्र0 की जनता राजनीतिक दृष्टि से बहुत विवेकशील है। जनता इस बात को भलीभांति समझती है कि कौन-कौन किस कारण से चुनाव मैदान में है। जनता सशक्त भारत बनाने के लिए सकारात्मक दृष्टि से भाजपा को वोट करेगी।
त्रिवेदी ने कहा कि शत्रुघन सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे है और लखनऊ में आकर उन्हें पीएम मटेरियल अखिलेश यादव में दिखने लगा। अभी तक गठबंधन सहयोगी ही राहुल जी की नेतृत्व क्षमता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे थे लेकिन अब तो कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी ने ही उनके नेतृत्व पर सवालिया निशान लगा दिया हे। त्रिवेदी ने कहा कि अखिलेश यादव कहते है कि उ0प्र0 से ही प्रधानमंत्री होगा।
मैं उन्हें आश्वस्त करता हूॅ कि उ0प्र0 से ही पीएम है और उ0प्र0 से वही पीएम रहेंगे। कहा कि विपक्ष का आधार विहीन गठबंधन, चेहरा विहीन नेतृत्व और दिशा विहीन गति है। विपक्ष किसी भी दशा में देश व प्रदेश को सही दिशा में ले जाने में सक्षम नहीं है। इससे पहले सुधांशु ने कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी रही प्रेमा अवस्थी को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराया। श्रीमती अवस्थी का प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने भाजपा पट्टिका पहिनाकर अभिनंदन किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More